उदित वाणी, रांची/कोडरमा : झारखंड के रांची और कोडरमा जिलों में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों के शव संदिग्ध स्थितियों में मिलने सनसनी फैल गई. रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक बंद घर के भीतर एक युवक का शव देखा.
मामले की जानकारी मिलते ही रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हादसा प्रतीत होता है. थाना प्रभारी ने बताया कि जिस घर में युवक का शव मिला है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की लाइन गुजरी है.
पुलिस को आशंका है कि युवक अनजाने में इस तार की चपेट में आ गया होगा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हालांकि, पुलिस हत्या और अन्य बिंदुओं पर भी गौर कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
कोडरमा जिले के ढाब थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता नावाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय किसान किशोर यादव का शव जंगल में एक पेड़ से लटका मिला. मृतक के परिजनों ने बताया कि किशोर यादव बीते 5 अप्रैल को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो 6 अप्रैल को परिजनों ने ढाब थाना में उनकी गुमशुदगी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
बुधवार को कुछ ग्रामीण जब जंगल की ओर लकड़ी चुनने गए, तब उनकी नज़र पेड़ से लटके शव पर पड़ी. सूचना मिलते ही ढाब थाना प्रभारी बमबम साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया.
परिजनों और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर यादव पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे. इसी आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
(आईएएनएस)


