उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलगोड़ा टोला में शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे बकरी चोरी की नीयत से घुसे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई भी कर दी, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।ग्रामीणों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों युवक जमशेदपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के दौरान ग्रामीणों ने उनके पास से दो भुजाली और एक डायरी समेत अन्य सामग्री बरामद कर पुलिस को सौंप दी। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक किस उद्देश्य से गांव पहुंचे थे। बताया जाता है कि लालमोहन महतो के घर जैसे ही आरोपी घुसे, उस समय घर के लोग धान सिझाने के कारण जाग रहे थे। आहट मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और घेराबंदी कर भाग रहे आरोपियों में से दो को झाड़ियों से पकड़ लिया।
गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से बोड़ाम थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार बकरी चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है। घटना के बाद शनिवार को सुबह दर्जनों ग्रामीण बोड़ाम थाना पहुंचे हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपियों ने पहले केंदडीह टोला में बिशु सिंह के घर से एक बाइक को निकालकर ले जाने का प्रयास कर किया लेकिन घरवालों को सतर्कता के बाद बाइक को छोड़ सभी लोग फरार हो गए। इसके बाद ही बकरी चोरी के उद्देश्य से बेलगोड़ा टोला पहुंचे थे।


