उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम गांव में गौर-निताई भगवान एवं भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की रथ यात्रा इस वर्ष सोमवार को भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुई. इस्कॉन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. मंगल आरती और विधिवत पूजा के बाद रथ यात्रा शुरू हुई. श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन और जयकारों के बीच रथ खींचा, जबकि मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया.
भजन-कीर्तन, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम में कथावाचक रूपचंद्र दास ने भगवान की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया. साथ ही भंडारा व महाप्रसाद वितरण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया. मौके पर रवि प्रभु, प्रफुल्ल प्रभु, सोमनाथ प्रभु, मीनू माता जी, खोगेन प्रभु व टीएन प्रभु समेत अन्य भक्तों के सहयोग से आयोजन सफल रहा. अंत में संध्या आरती व सामूहिक संकीर्तन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ.


