उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम प्रखंड के बांकादा मध्य विद्यालय में विश्व कल्याण समिति बांकादा-गागीबुरु, बिरसा कृषि विकास ट्रस्ट, टैलेंट सर्च एकेडमी, झारोटेफ और प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रविवार को कुल 202 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.
शिविर में पटमदा-बोड़ाम के युवाओं के साथ-साथ जमशेदपुर, घाटशिला और नीमडीह से आए प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. महिला रक्तदाता माधवी दास सहित कुल 202 लोगों ने रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया.

कार्यक्रम के दौरान युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिरसा कृषि विकास ट्रस्ट और टैलेंट सर्च एकेडमी द्वारा सभी रक्तदाताओं को हेलमेट उपहार स्वरूप प्रदान किया गया. आयोजकों ने संदेश दिया कि रक्तदान जहां जरूरतमंद को नया जीवन देता है, वहीं हेलमेट पहनना स्वयं के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है.
इस सफल आयोजन में विश्व कल्याण समिति के सदस्य प्रबोध कुमार महतो व शिवचरण सिंह सरदार, बिरसा कृषि विकास ट्रस्ट की ललिता महतो व फुचुराम महतो, टैलेंट सर्च एकेडमी के अध्यक्ष हराधन महतो, झारोटेफ के जिलाध्यक्ष पंचानन महतो, सचिव उत्पल चक्रवर्ती, कोषाध्यक्ष कार्तिक चंद्र गोप सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के दर्जनों कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों का सराहनीय योगदान रहा, जिसकी बदौलत यह शिविर सेवा और जनजागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया.


