
उदित वाणी ,जमशेदपुर : ओलीडीह ओपी क्षेत्र में 30 मार्च को हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने महज दो दिनों के भीतर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना डिमना बस्ती रोड स्थित उमा टिफिन के पास हुई थी, जहां ऑल्टो कार में सवार विक्रम सिंह उर्फ विक्की पर जानलेवा हमला किया गया। अपराधियों ने उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर ओलीडीह ओपी में विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में गठित एस आई टी ने 1 अप्रैल को वसुंधरा स्टेट के समीप स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के एक जर्जर क्वार्टर में छापेमारी कर चारों आरोपियों—कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, राखाल कुम्भकार, राहुल सिंह सरदार और बिकास महतो—को गिरफ्तार किया। मौके से एक देशी पिस्तौल, एक कट्टा, तीन जिंदा गोलियां और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी बिकास महतो ने खुलासा किया कि तीन वर्ष पूर्व उसके भाई के साथ विक्रम सिंह द्वारा मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से राखाल कुम्भकार और कृष्णा सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

