
उदित वाणी, रांची : राज्य के चर्चित कैश कांड में एक फोटो जबरदस्त तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. यह फोटो झारखंड के कांग्रेस विधायक जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह की है. इस फोटो में अनूप सिंह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ बैठे हैं .असम के जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने अपने ट्विटर एकाउंट पर इस फोटो को पोस्ट किया है. उनके साथ उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयद राजा विधानसभा के विधायक सुशील सिंह नजर आ रहे है.
बताते चलें कि झारखंड के तीन कांग्रेसी विधायकों के प. बंगाल में कैश के साथ गिरफ्तारी के बाद विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह की ओर से रांची के अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कर हेमंत सोरेन सरकार को अस्थिर करने को लेकर कई गंभीर आरोप लगाये गये. अनूप सिंह की ओर से इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नाम का भी जिक्र किया गया, लेकिन अब असम के सीएम के साथ अनूप सिंह की तस्वीर मीडिया में वायरल हो रही है और वे ही कठघरे में आ गये हैं.


