
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत नेक्शा शोरूम के समीप शनिवार सुबह प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ. इस दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई. अचानक हुए हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. लोग मामले को समझने और रोकने का प्रयास करने लगे, लेकिन विवाद बढ़ता ही चला गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवादित संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो शनिवार को हाथापाई तक पहुंच गया.
सूचना मिलने पर साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है. मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस ने मौके से भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य कर दिया है. घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

