
उदित वाणी,झारखंड: दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय गार्डन रीच, कोलकाता से जारी ताज़ा प्रशासनिक आदेश ने रेलवे महकमे में हलचल तेज कर दी है। 25 मार्च को जारी इस आदेश के तहत कई अहम पदों पर अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की कोशिश साफ नजर आती है।
आदेश के मुताबिक, महाप्रबंधक के सचिव के रूप में कार्यरत मनीष कुमार पाठक को चक्रधरपुर मंडल भेजा गया है। उन्हें यहां वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पद मंडल के ट्रेन संचालन, समयबद्धता और माल परिवहन व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, ऐसे में उनकी तैनाती को रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, उप मुख्य विद्युत अभियंता (प्रोजेक्ट) अजय कुमार को महाप्रबंधक का नया सचिव बनाया गया है। वे मनीष पाठक का स्थान लेंगे। दूसरी ओर, अब तक चक्रधरपुर में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर तैनात अवनीश को गार्डन रीच में डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर (फ्रेट मैनेजमेंट) के पद पर भेजा गया है। यह नियुक्ति लंबे समय से खाली पड़े पद को भरने के लिए की गई है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 13 फरवरी को जारी उस आदेश को निरस्त कर दिया गया है, जिसके तहत प्रभिर कुमार घोषाल को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। अब नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने पदभार ग्रहण और त्याग की तिथि की जानकारी समय पर दें और नियमों के तहत पास व अन्य सुविधाओं का हस्तांतरण सुनिश्चित करें। चक्रधरपुर जैसे महत्वपूर्ण मालवाहक मंडल में यह बदलाव परिचालन दक्षता को नई गति देगा।

