
उदित वाणी,जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बीती रात रेलकर्मियों ने जयनगर और गोड्डा साप्ताहिक एक्सप्रेस में अत्याधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच का बोर्ड लगा दिया। इन नए कोचों के जुड़ने से बिहार रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को अब पहले से अधिक सुरक्षित, आरामदायक और झटकों से मुक्त यात्रा का अनुभव मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार से टाटानगर से चलने वाली जयनगर एवं थावे-छपरा एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। वहीं, टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस में 29 मार्च से और टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस में 30 मार्च से इन आधुनिक कोचों का संचालन शुरू होगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि एलएचबी कोच से न केवल दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधा और उच्च स्तरीय यात्रा अनुभव भी मिलेगा।

