
उदित वाणी, रांची : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) रांची चैप्टर द्वारा विश्व नवकार महामंत्र दिवस के द्वितीय संस्करण का भव्य आयोजन रांची के मारवाड़ी भवन में किया गया. इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. कार्यक्रम का समय प्रातः 7:30 बजे से 9:36 बजे तक निर्धारित था, जिसमें जैन समाज और अन्य गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
भक्तिमय प्रस्तुति और मुख्य अतिथि
आयोजन की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसके पश्चात णमोकार मंत्र की महिमा और इसके आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए गए. प्रख्यात गायक विशाल जैन ने अपनी सुमधुर भक्ति प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को धर्ममय बना दिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति अभय कुमार सिंह उपस्थित रहे.
अमित शाह का संबोधन और विश्व शांति का संदेश
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने एकाग्रता से सुना.
संतों और भक्तों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा:
“नवकार महामंत्र जैन धर्म के साथ-साथ संपूर्ण मानव समाज के लिए शांति और आध्यात्मिकता अपनाने का एक शक्तिशाली माध्यम है. भारत अनेक समुदायों और धर्मों का घर है और यह मंत्र जीवन शक्ति प्रदान करने के साथ-साथ चेतना को जागृत करता है.”
उन्होंने जैन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन (JITO) को विश्व कल्याण के लिए शांतिपूर्ण नवकार मंत्र का जाप आयोजित करने के लिए बधाई दी.
आयोजन का मुख्य उद्देश्य “वन वर्ल्ड, वन चैंट, टुगेदर फॉर पीस” (One World, One Chant, Together for Peace) के संदेश के माध्यम से विश्व शांति, सद्भावना और एकता को बढ़ावा देना था.
यह ऐतिहासिक पहल एक साथ 106 से अधिक देशों के 6000 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई.
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर जीतो रांची के अध्यक्ष विशाल जैन के साथ पूरणमल सेठी, सुभाष जी बोथरा, विनय नाहटा, सर्वेश जैन, एकता बड़जात्या, प्रदीप जी बाकलीवाल, विमल जी दासानी, अशोक जी सुराणा, प्रवीण छाबड़ा और राकेश जैन सहित कई प्रमुख समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

