
उदित वाणी, रांची : राज्य में वर्तमान मतदाता सूची के कुल 1,61,55,740 मतदाताओं का विगत एसआईआर के मतदाता सूची से मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि अब्सेंट, शिफ्टेड डेथ और एक से अधिक स्थानों पर सूचीबद्ध श्रेणी के 12 लाख मतदाताओं को चिन्हित किया गया है. वे मंगलवार को चुनाव विभाग में कम पैतृक मैपिंग करने वाले विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य में पिछले एसआईआर के बाद अन्य राज्यों से आए मतदाता और जिन मतदाताओं का पिछली सूची से मैपिंग करना कठिन हो रहा है, वे संबंधित राज्य के सीईओ वेबसाइट या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से मैपिंग कर लें. उन्होंने [https://voters.eci.gov.in/] और [https://ceo.jharkhand.gov.in/] वेबसाइटों के उपयोग के निर्देश दिए.
उन्होंने कम प्रदर्शन वाले बीएलओ की पहचान कर उन्हें बैचवार प्रशिक्षण देने और मतदाताओं को मैपिंग प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया. विगत एसआईआर के मतदाता सूची में जानकारी खोजने में समस्या आ रही बीएलओ को जिले के हेल्पडेस्क मैनेजर से संपर्क करने का निर्देश दिया.
श्री कुमार ने कहा कि मैपिंग करते समय एएसडी सूची से भी मिलान आवश्यक है और पैतृक मैपिंग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि एसआईआर के दौरान कम से कम मतदाताओं को दस्तावेज सौंपने पड़ें और प्रक्रिया सरल बने. उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता एसआईआर के दौरान सूची से छूटे नहीं.
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी जिलों के ईआरओ एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे.

