उदित वाणी, रांची : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान (IPH) एवं एनएचएम सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) रैंकिंग में झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रगति का लोहा मनवाया है.
नतीजे खुद बोल रहे हैं: डॉ. इरफान अंसारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि यह स्थान सरकार की प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य विभाग की लगातार मेहनत का परिणाम है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा, “जो लोग राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते थे, आज उनकी बोलती बंद है. मैं अपना कर्म कर रहा हूं और नतीजे खुद बोल रहे हैं. हम आलोचना से नहीं, अपने काम से जवाब देते हैं.”
झारखंड में लागू होगा स्वास्थ्य गारंटी कार्ड
डॉ. अंसारी ने राज्य के नागरिकों के लिए एक बड़े विजन की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही झारखंड में स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा. इससे हर नागरिक को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा. उन्होंने जोर दिया कि राज्य के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

स्वास्थ्य क्षेत्र में बंपर बहाली और संसाधनों का विस्तार
मंत्री ने राज्य की चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द होगी बहाली.
7500 ANM एवं GNM की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू.
राज्य को जल्द मिलेंगे 247 नए एम्बुलेंस.
संथाल परगना में बनेगा नया कंट्रोल कमांड सेंटर.
ब्लड उपलब्धता के लिए तैयार होगी नई पॉलिसी.
ब्लड उपलब्धता पर हाई कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ब्लड उपलब्धता से जुड़े झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए जल्द ही न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करेगा.
45 मिनट अपने लिए: स्वस्थ जीवन का मंत्र
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंत्री ने लोगों से प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालने की अपील की. उन्होंने नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद पर जोर दिया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मोबाइल की लत आज लोगों को बीमार बना रही है, जिससे बचना जरूरी है. इस कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के बजाय पौधों को जल अर्पित कर की गई, साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.

वन हेल्थ और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी गई NQAS रैंकिंग राज्य के लिए गर्व की बात है. उन्होंने “वन हेल्थ” की अवधारणा पर जोर दिया. वहीं, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने संतुलित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन को अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी बताया. कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया और हर्बल गार्डन हैंडबुक का विमोचन भी हुआ.


