
उदित वाणी, कांड्रा: सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल हो रही भ्रामक खबरों से भ्रमित हो रहे युवाओम को जागरूक करने के उद्देश्य से गम्हरिया प्रखंड के नेंगटासाई गांव में सूचना साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया.
फैक्टशाला इंडिया मीडिया लिटरेसी नेटवर्क, डाटालीड्स एवं निश्चय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यशाला में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को डिजिटल माध्यमों से फैल रही भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने हेतु जागरूक किया गया। इस दौरान बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से पहुंच रही कई सूचनाएं कई बार गलत या भ्रामक होती है, जिसपर भरोसा करना निजी या सामाजिक स्तर पर नुकसान हो सकता है.
इस मौके पर उपस्थित राकेश महतो ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि मोबाइल पर मिलने वाली सूचनाओं पर पूरी तरह से भरोसा करने से पहले उसपर अच्छी तरह से विचार करना चाहिए.
यदि सूचनाओं की सत्यता के प्रति किसी तरह का भी संदेह हो तो उसकी जांच अवश्य करनी चाहिए. बताया कि जीवन में क्रिटिकल थिंकिंग एप्रोच का पालन कर काफी हद तक गलत खबरों से होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है. सामान्य अफवाहों व खबरों को परखने हेतु गूगल सर्च व गूगल लेंस टूल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
इस मौके पर उपस्थित सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने भी युवाओं को कई अहम जानकारियां दी. इस मौके पर मनसा महतो, राकेश महतो, अजय करुआ, लक्ष्मण महतो, निखिल महतो, राजाराम महतो, प्रवीण गोराई, राकेश गोराई समेत करीब दो दर्जन से अधिक युवा उपस्थित थे.
कार्यशाला के आयोजन में ग्रीन पेंसिल फाउंडेशन के झारखंड प्रमुख आकाश महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

