उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल मंसा मंदिर के समीप रहने वाले रोहित साहू ने बीती शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.
परिजनों के अनुसार, घर के सदस्य जब अपने काम में व्यस्त थे, उसी दौरान रोहित ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ. दरवाजा खोलते ही रोहित को फंदे से लटका देख परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. मृतक की मां मारी देवी के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.


