
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विद्या पति नगर रोड नंबर-1 में सोमवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की पहचान करनदीप सिंह (30) के रूप में हुई है।
करनदीप ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 1 सितम्बर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान हप्ता रोड और सिंधु रोड निवासी लखन सिंह, आयुष और बाबरी उर्फ भगना वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने अचानक लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उस पर हमला बोल दिया। घटना इतनी तेज थी कि करनदीप बचाव तक नहीं कर पाया और उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिर पर कई टांके लगाए और प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस से लिखित शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा गया। आसपास के लोगों ने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस को नियमित गश्त तेज करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग भी की है।
