
उदित वाणी, जमशेदपुर : कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक महिला ने अचानक रेलवे ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। घटना इतनी अप्रत्याशित थी कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महिला नीचे गिर चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग उसकी ओर दौड़ पड़े।
सौभाग्यवश, ओवरब्रिज के नीचे जमा कोयला डस्ट ने महिला की जान बचा ली। हालांकि गिरने के कारण उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की और बिना देरी किए घायल महिला को ऑटो के जरिए कांड्रा थाना पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने महिला की पहचान जानने की कोशिश की, लेकिन उसने अपने बारे में कोई जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। इससे मामले की जांच और पेचीदा हो गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

