जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में ट्रेनों के संचालन पर व्यापक असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने 22 से 24 मार्च 2026 के बीच कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेशन) और मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 22 मार्च को 18019/18020 झाड़ग्राम-धनबाद मेमू एक्सप्रेस को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। वहीं 18035/18036 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस को आद्रा स्टेशन से ही चलाया जाएगा, यानी यह अपने निर्धारित रूट के बजाय सीमित दूरी तक ही सेवा देगी।
इसी दिन 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस को भी बदले हुए मार्ग से संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। रूट बदलने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय लगने की संभावना है।
आने वाले दिनों में भी स्थिति सामान्य नहीं है। 23 मार्च को 68090/68089 आद्रा-मिदनापुर मेमू चंद्रकोणा रोड तक ही सीमित रहेगी, जबकि 24 मार्च को इसे पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 18024/18023 एनएससीबी गोमो-खड़गपुर एक्सप्रेस भी 24 मार्च को आद्रा से ही संचालित होगी।
सबसे अहम बदलाव 18628/18627 रांची-हावड़ा एक्सप्रेस में किया गया है। 24 मार्च को यह ट्रेन कोटशिला, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर और खड़गपुर के रास्ते डायवर्ट होकर चलेगी।
इधर उत्तर रेलवे क्षेत्र में भी असर दिखा है। 12876 आनंद विहार-पुरी एक्सप्रेस को अप्रैल और मई 2026 की कई तारीखों पर बदले हुए मार्ग—कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन—से चलाया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें। प्रशासन ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है।


