
उदित वाणी,जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्शनगर में रविवार शाम एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां 20 वर्षीय हिमांसी कौर ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से युवती को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस परिजनों से लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है।
बताया जाता है कि हिमांसी अपने भाई के साथ पंजाब से जमशेदपुर आई थी और मानगो में अपनी चचेरी बहन के साथ रह रही थी। माता-पिता के निधन के बाद दोनों भाई-बहन रिश्तेदारों के सहारे ही जीवन बिता रहे थे।
घटना के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जबकि इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
सामाजिक संस्था ‘जीवन’ ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव के संकेतों को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर उनके हेल्पलाइन नंबर 9297777499 एवं 9297777500 पर संपर्क कर भावनात्मक सहायता प्राप्त करें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

