
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने टिस्को के वर्मा माइंस गेट पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. बैठक में बड़ी संख्या में मजदूरों और यूनियन प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
हड़ताल की रणनीति, मजदूरों की समस्याओं और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई. विश्वजीत देव, अम्बुज कुमार ठाकुर, निगमानंद पाल, धनंजय शुक्ला और संजय सिंह सहित कई वरिष्ठ मजदूर नेता मौजूद रहे.
नेताओं ने श्रम कानूनों में बदलाव, अस्थायी रोजगार की बढ़ती प्रवृत्ति, वेतन असमानता तथा सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसे मुद्दों पर मजदूरों की एकजुट आवाज बुलंद करने की आवश्यकता पर बल दिया. अम्बुज कुमार ठाकुर ने कहा, “12 फरवरी की आम हड़ताल मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक जीवन की लड़ाई का अहम पड़ाव है.”
बैठक में हड़ताल से पूर्व औद्योगिक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने तथा मजदूरों में जागरूकता बढ़ाने का निर्णय लिया गया. अंत में सभी ने हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया और मजदूर एकता का संदेश दिया.

