उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के पास स्थित सुंदरवन फेज वन अपार्टमेंट में 12 दिनों से बंद पड़े एक फ्लैट में चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। यह फ्लैट रिटायर्ड सरकारी शिक्षक सिरायाम झा का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिरायाम झा अपने परिवार के साथ मधुबनी स्थित गांव गए हुए हैं।
मंगलवार को घटना का पता तब चला जब फ्लैट मालिक के साले सोनारी से मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि फ्लैट का ताला टूटा हुआ है। तुरंत उन्होंने इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही, वहां तैनात सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की गई। गार्ड से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी में क्या-क्या सामान गया है, इसका पता फ्लैट मालिक के बुधवार को शहर लौटने के बाद ही चल पाएगा। इधर, झा के रिश्तेदारों ने मीडिया से बात करने से इनकार किया है।
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान कर जल्द उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। चोरी की इस वारदात से अपार्टमेंट के अन्य निवासियों में भी दहशत का माहौल है।


