उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर निगम की टीम सक्रिय हो गई है. सोमवार को निगम की ओर से माईकिंग कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई और समय रहते स्वतः अतिक्रमण हटाने की अपील की गई.
सड़क, सर्विस लेन और नालियों से हटेगा अवैध कब्जा
नगर निगम की टीम ने माईकिंग के माध्यम से मुख्य सड़क, सर्विस रोड और नाली के ऊपर किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने की पूर्व सूचना दी है. प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे स्वयं ही अवैध निर्माण हटा लें, अन्यथा निगम की टीम बलपूर्वक कार्रवाई करेगी.
पहले चरण में इन इलाकों पर होगी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाओ अभियान के पहले चरण में इन चिन्हित क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी:
पान दुकान चौक से इमली चौक होते हुए एस टाइप मोड़.
प्रभात पार्क जाने वाली सड़क के किनारे और पार्क के सामने का इलाका.
आदित्यपुर थाना रोड और जियाडा ऑफिस भवन के सामने.
आकाशवाणी चौक से पान दुकान चौक और मछली मार्केट.
लाल बिल्डिंग से बोलईडीह जाने वाले मार्ग के किनारे.
लाल बिल्डिंग एवं आसपास के सर्विस मार्ग.
अटल पार्क के आसपास का क्षेत्र.
आशियाना मोड़ से ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल के दोनों ओर की सड़कें.
प्रशासनिक तैयारी और सुरक्षा बल की तैनाती
अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम को लेकर अंचल कार्यालय द्वारा सभी विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं. अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की मांग की गई है. इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कार्यालय से पत्राचार भी किया जा चुका है.


