
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के एलबीएसएम कॉलेज के समीप स्थित एक दुकान में रविवार सुबह चोरी की कोशिश कर रहे युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना तड़के करीब 4:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी उन्होंने दुकान के अंदर संदिग्ध हलचल देखी और इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। इसी बीच आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
इस दौरान दो युवक चोरी की नीयत से दुकान में घुसे थे। भीड़ को देख एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि दूसरा युवक दुकान के भीतर सामान निकालने में मशगूल था। लोगों ने उसे दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान बागबेड़ा रामटेकरी निवासी संजय कुमार साहू के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और फरार युवक की तलाश में जुट गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने मांग की है कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग को और सख्त किया जाए, ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।

