
उदित वाणी, जमशेदपुर : बीती रात परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। पहली घटना त्रिवेणी टावर चौक के समीप स्थित छोटे हनुमान मंदिर के पास की है, जहां स्थित मुन्ना ऑटो पार्ट्स की दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने भीतर रखा सामान बिखेर दिया और करीब 10 से 15 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान की चोरी कर ली।
दुकान मालिक सत्येंद्र सिंह को सुबह इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचित किया। परसुडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
दूसरी घटना सोपोडेरा कबीर मंदिर के पास स्थित शिव मंदिर की है। यहां चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी चुरा ली। मंदिर की देखरेख करने वाली महिला ने बताया कि सावन का महीना होने की वजह से दान पेटी में करीब 4 से 5 हजार रुपये मौजूद थे। चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं में भी आक्रोश देखा गया।
पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

