
उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना रोड स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई। पटमदा के एक गांव से आई एक गरीब महिला जब अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची, तो भीड़ का फायदा उठाकर एक अन्य महिला ने उसके बैग से नकदी साफ कर दी। घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर भारी भीड़ जमा थी।
पीड़ित महिला अपना नंबर आने पर बैग बाहर छोड़कर अल्ट्रासाउंड रूम के अंदर गई थी। बाहर आने पर जब उसने बैग खोला, तो उसमें रखे सारे पैसे गायब थे। घबराई हुई महिला ने तुरंत मौके पर तैनात होमगार्ड जवान से शिकायत की और रोने लगी। सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध महिलाओं की तलाशी शुरू की। इस दौरान आजाद नगर निवासी एक महिला के पास से सिक्कों सहित चोरी किए गए करीब 800 रुपये बरामद कर लिए गए।
आरोपी महिला ने पकड़े जाने के बाद अपनी गलती मानी और सुरक्षाकर्मियों से माफी मांगी। पीड़ित महिला, जो शहर में सब्जी बेचकर अपना गुजारा करती है और बीमारी के कारण इलाज कराने आई थी, उसकी सहमति पर आरोपी से माफीनामा लिखवाकर उसे छोड़ दिया गया। हालांकि, अपनी मेहनत की कमाई चोरी होने पर पीड़िता ने कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की।
एमजीएम अस्पताल में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी भीड़भाड़ का लाभ उठाकर कई बार मरीजों के सामान पर हाथ साफ किया जा चुका है। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से इस बार पीड़ित महिला को अपना पैसा वापस मिल गया, जिससे वह घर लौटने और इलाज कराने में सक्षम हो सकी।

