
उदित वाणी,जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में नई सरकार के गठन के साथ ही सफाई व्यवस्था में बदलाव की बयार साफ दिखने लगी है। मेयर सुधा गुप्ता के सख्त निर्देशों के बाद निगम के कर्मचारी पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं और “स्वच्छ मानगो, सुंदर मानगो” अभियान को जमीन पर उतारने में जुट गए हैं। नगर निगम में हुई बैठक के बाद उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार द्वारा दिए गए निर्देशों का असर तुरंत दिखने लगा है।
अब सफाई व्यवस्था एजेंसी के भरोसे नहीं, बल्कि सीधे कर्मचारियों के जिम्मे होगी। मंगलवार से ही कर्मचारी सभी वार्डों में सक्रिय होकर सफाई व्यवस्था की कमान संभाल चुके हैं। पहले चरण में डोर-टू-डोर कचरा उठाव को व्यवस्थित करने के लिए 36 वार्डों में एक-एक कर्मचारी की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर कचरा उठाने वाली गाड़ियों की निगरानी करेंगे और लोगों को जागरूक भी करेंगे कि कचरा खुले में न फेंकें, बल्कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके गाड़ियों में दें। सूत्रों के अनुसार 1 अप्रैल से इसका व्यापक असर दिखने लगेगा और सफाई संबंधी शिकायतों में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जल्द ही वर्तमान सफाई एजेंसी को नोटिस जारी किया जा सकता है। अब तक एजेंसी के जिम्मे सफाई व्यवस्था होने के बावजूद निगरानी की कमी से जगह-जगह गंदगी की शिकायतें मिलती रही हैं, जिसे देखते हुए निगम अब व्यवस्था को अपने हाथ में लेकर सुधार की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।

