
उदित वाणी, जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के खिलाफ मंगलवार को टाटानगर में बड़ा नागरिक धरना आयोजित होने जा रहा है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर बुलाए गए इस धरने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होने वाला यह धरना टाटानगर रेलवे जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप आयोजित होगा.
धरना को सफल बनाने के लिए जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है. मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की गईं, वहीं सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है. पार्टी नेताओं का दावा है कि इस आंदोलन को आम जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है.
इधर, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा दिए गए जवाब पर असंतोष जताते हुए धरना संयोजक अजय कुमार ने कहा कि रेलवे की ओर से दी गई जानकारी न तो स्पष्ट है और न ही समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि त्वरित कार्रवाई के नाम पर जो बातें कही गई हैं, उनका जमीनी असर नजर नहीं आ रहा.
हाल ही में डीआरएम के साथ हुई बैठक में विधायक सरयू राय ने बीते तीन महीनों में ट्रेनों की देरी का विस्तृत विश्लेषण और पिछले पांच वर्षों में ट्रेनों की संख्या में बदलाव की रिपोर्ट मांगी थी. साथ ही, उन्होंने जरूरत पड़ने पर मालगाड़ियों को नियंत्रित कर यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता देने का सुझाव भी दिया था. बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस लिखित प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

