
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटी एंड सर्विसेस श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय और टाटा वर्कर्स यूनियन के वरीय उपाध्यक्ष डॉ शाहनवाज आलम शुक्रवार को रांची में श्रमायुक्त संदीप सिंह से मिले. इस अवसर पर टाटा में प्रबंधन एवं यूनियन के बीच स्थापित सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों पर सार्थक चर्चा हुई.
बातचीत के दौरान इस बात पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया कि किस प्रकार यूनियन कंपनी के हितों, विकास एवं स्थिरता का ध्यान रखती है, वहीं प्रबंधन कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा, विकास एवं सम्मानजनक कार्य-परिवेश सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहता है. पारस्परिक विश्वास, सहयोग और साझा जिम्मेदारी की यही भावना टाटा की औद्योगिक संबंधों की गौरवशाली परंपरा को सशक्त बनाती है.

