
ऑपरेशंस, मार्केटिंग, प्रोक्योरमेंट और सप्लाई चेन को नई संरचना दी
जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने बिजनेस ग्रोथ को तेज करने, वैल्यू क्रिएशन बढ़ाने और ऑपरेशनल सिनर्जी लाने के उद्देश्य से अपनी लीडरशिप संरचना में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किए हैं. ये बदलाव 2 अप्रैल से प्रभावी होंगे.कंपनी के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेन्द्रन ने आंतरिक सर्कुलर जारी कर इन बदलावों की जानकारी दी.
चैतन्य भानु बने वीपी (ऑपरेशंस)
चैतन्य भानु, वाइस प्रेसिडेंट – ऑपरेशंस (टाटा स्टील जमशेदपुर, आईएल वन) को जमशेदपुर (लॉन्ग प्रोडक्ट्स मैन्युफैक्चरिंग सहित), टाटा स्टील गम्हरिया, ईएएफ लुधियाना और मेटालिक्स की पूरी ऑपरेशंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वे सीईओ एवं एमडी को रिपोर्ट करेंगे और जमशेदपुर से कार्य करेंगे.
उज्ज्वल चक्रवर्ती अब होंगे वीपी (ऑपरेशंस डाउनस्ट्रीम)
उज्ज्वल चक्रवर्ती, पूर्व ईआईसी, टिनप्लेट डिविजन को नया पद वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस डाउनस्ट्रीम आईएल वन) बनाया गया है. वे ट्यूब्स (जमशेदपुर), खोपोली एवं साहिबाबाद यूनिट्स, टिनप्लेट डिविजन, सभी वायर यूनिट्स तथा बारा और तारापुर स्थित कोल्ड रोलिंग कॉम्प्लेक्स की जिम्मेदारी संभालेंगे. वे भी सीईओ एवं एमडी को रिपोर्ट करेंगे और जमशेदपुर से कार्य करेंगे.
मार्केटिंग और सेल्स को एकीकृत किया गया
वर्तमान में मार्केटिंग एवं सेल्स की भूमिकाएं लॉन्ग प्रोडक्ट्स, फ्लैट प्रोडक्ट्स और डाउनस्ट्रीम के अलग-अलग हेड्स के बीच बंटी हुई थीं. अब आशीष अनुपम (पूर्व वाइस प्रेसिडेंट – लॉन्ग प्रोडक्ट्स) को वाइस प्रेसिडेंट – मार्केटिंग और सेल्स (आईएल वन) नियुक्त किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य ग्राहक-केंद्रितता बढ़ाना और विभिन्न प्रोडक्ट सेगमेंट्स के बीच बेहतर सिनर्जी लाना है. वे सीईओ एवं एमडी को रिपोर्ट करेंगे और कोलकाता से कार्य करेंगे.
प्रोक्योरमेंट फंक्शन को मजबूत किया
पीयूष गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट, टीक्यूएम, ग्लोबल स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट और सप्लाई चेन को वाइस प्रेसिडेंट – ग्रुप स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट और बिजनेस एक्सीलेंस (आईएल वन) बनाया गया है.वे कोलकाता से कार्य करेंगे और सीईओ एवं एमडी को रिपोर्ट करेंगे. इस बदलाव से कॉस्ट एफिशिएंसी, वेंडर सिनर्जी और टीक्यूएम के साथ बेहतर समन्वय आएगा.
सप्लाई चेन पर फोकस
प्रभात कुमार, वाइस प्रेसिडेंट – मार्केटिंग एंड सेल्स (फ्लैट प्रोडक्ट्स) को वाइस प्रेसिडेंट – सप्लाई चेन (आईएल वन) नियुक्त किया गया है.वे कोलकाता से कार्य करेंगे. बढ़ती जटिलताओं, मार्केट एक्सपैंशन और सस्टेनेबिलिटी को ध्यान में रखते हुए सप्लाई चेन को और मजबूत बनाने का लक्ष्य है.
सस्टेनेबिलिटी और रीसाइक्लिंग पर जोर
अर्बन माइनिंग और स्टील रीसाइक्लिंग व्यवसाय को अब वाइस प्रेसिडेंट – सेफ्टी, हेल्थ और सस्टेनेबिलिटी के अधीन लाया गया है. इससे कचरे को उपयोगी बनाने और रीसाइक्लिंग पर फोकस बढ़ेगा.
कई अधिकारियों की रिपोर्टिंग लाइन बदली
कई वरिष्ठ अधिकारियों की रिपोर्टिंग लाइन बदली गई है, लेकिन अधिकांश अपनी वर्तमान लोकेशन से ही कार्य जारी रखेंगे. अन्य आईएल वन स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां फिलहाल अपरिवर्तित रहेंगी. अगले स्तर के बदलाव बाद में घोषित किए जाएंगे. टाटा स्टील ने इन बदलावों को कंपनी की बढ़ती जटिलताओं, डाउनस्ट्रीम वैल्यू क्रिएशन, कॉस्ट लीडरशिप और रेजिलिएंट सप्लाई चेन बनाने की रणनीति का हिस्सा बताया है.
नरेन्द्रन ने नये अधिकारियों को दी शुभकामनाएं
सीईओ टी.वी. नरेन्द्रन ने सभी नए अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये बदलाव कंपनी को भविष्य के लिए और मजबूत बनाएंगे. ये संगठनात्मक बदलाव टाटा स्टील की सस्टेनेबल ग्रोथ और ऑपरेशनल उत्कृष्टता की दिशा में एक रणनीतिक कदम माने जा रहे हैं.

