
जमशेदपुर: JCAPCPL वर्कर्स यूनियन के दस साल पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को माइकल जॉन ऑडिटोरियम बिष्टपुर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी.वी. नरेन्द्रन सहित टाटा स्टील समूह की विभिन्न कंपनियों के प्रबंध निदेशक, उपाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. साथ ही विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए. यूनियन के अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद और कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. शाहनवाज आलम ने सभी अतिथियों का स्वागत किया.
उन्होंने प्रबंधन और यूनियन के पिछले दस वर्षों के सफर पर चर्चा की तथा ज्वाइंट कन्सलटेशन (संयुक्त परामर्श) की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला. दोनों नेताओं ने कहा कि प्रबंधन और यूनियन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध तथा निरंतर संवाद ने कंपनी और कर्मचारियों दोनों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. मौके पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस युग में ट्रेड यूनियनों की भूमिका विषय पर एक विचारोत्तेजक पैनल डिस्कशन भी आयोजित किया गया.
इसमें विशेषज्ञों ने चर्चा की कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य में यूनियनों को कैसे अनुकूलित होना चाहिए, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए नई तकनीकों को अपनाने में क्या चुनौतियां और अवसर हैं.यह आयोजन जेकेपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन की उपलब्धियों को रेखांकित करने और भविष्य की दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ. कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने यूनियन की इस उपलब्धि पर बधाई दी और औद्योगिक सद्भाव के मॉडल के रूप में इसकी सराहना की.

