
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह कब्रिस्तान के समीप सोमवार को दो युवकों के साथ मारपीट की घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, कुणाल सिंह और उनके साथी रणवीर मुखी को कुछ लोगों ने घेरकर बुरी तरह पीट दिया, जिससे दोनों घायल हो गए. गंभीर रूप से जख्मी कुणाल सिंह को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
घटना के पीछे आपसी विवाद या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट में शामिल कुछ लोगों की पहचान की जा रही है और मामले में “अफसरा टेंट हाउस” के मालिक का नाम भी सामने आ रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है. पुलिस ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है.

