
उदित वाणी, जमशेदपुर: सुवर्णरेखा नदी में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत का मामला सामने आया है. भुइंयाडीह लाल भट्ट नदी किनारे स्थित स्लम बस्ती के पास करीब 4 क्विंटल से अधिक मछलियां मृत अवस्था में पाई गई हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.
सुबह जब स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे, तो उन्होंने बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियों को किनारे पर जमा देखा. इन मछलियों का वजन करीब 250 ग्राम से लेकर डेढ़ किलोग्राम तक बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मृत मछलियों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है.
प्रदूषण पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, सुवर्णरेखा नदी का पानी पहले से ही प्रदूषित माना जाता है. चांडिल डैम से छोड़ा गया पानी करीब 30 किलोमीटर बहने के बाद खरकई नदी से मिलता है. इस दौरान आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला प्रदूषित पानी भी इसमें मिल जाता है, जिससे नदी में प्रदूषण का स्तर और बढ़ जाता है. इसे मछलियों की मौत की संभावित वजह माना जा रहा है.
स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मछलियों की मौत पानी में ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है, तो इनके सेवन से ज्यादा नुकसान नहीं होगा. लेकिन यदि यह घटना किसी रासायनिक प्रदूषण या जहरीले तत्वों के कारण हुई है, तो ऐसी मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है और प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है.

