
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के LBSM कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बुधवार को छात्र संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ती अव्यवस्था के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोलते हुए कॉलेज प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
छात्र संघ ने सौंपा ज्ञापन
आजसू युवा मोर्चा के प्रभारी दीपक पाण्डेय के निर्देश पर छात्र संघ ने कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्र अध्यक्ष सोनू कुमार साव के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में कॉलेज की मूलभूत समस्याओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया गया।
इन मांगों को रखा गया प्रमुखता से
छात्रों ने ज्ञापन में कई अहम मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं:
छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था
छात्राओं की सुरक्षा के लिए कैंपस और आसपास ‘पिंक पेट्रोलिंग’ शुरू करना
पीने के साफ पानी, बिजली और पूरे परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करना
कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की तैनाती
छात्रों को जल्द पहचान पत्र (ID Card) उपलब्ध कराना
नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन
7 दिनों का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
छात्र अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने कड़े शब्दों में कहा कि शिक्षा के मंदिर में न तो बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और न ही छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्र संघ ने कॉलेज प्रशासन को 7 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

