
उदित वाणी जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में हुए चापड़ हमले के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को टीएमएच में इलाजरत घायल आदर्श सिंह का बयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी आयान अभी भी फरार है।
पुलिस को दिए बयान में आदर्श ने घटना की पूरी कहानी बताई। उसने बताया कि घटना वाले दिन आयान उसकी महिला मित्र ने उसे कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए थीम पार्क के पास बुलाया था। दोनों ने आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने का भरोसा दिलाया था। इस पर विश्वास कर आदर्श अपने दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा।
हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति संदिग्ध लगी। आदर्श ने देखा कि आयान और युवती के साथ कई अन्य युवक भी मौजूद थे। खतरे की आशंका को भांपते हुए वह उनसे दूरी बनाकर खड़ा हो गया। कुछ देर बाद सभी वहां से हट गए, लेकिन तभी अचानक आयान अपने एक साथी के साथ वापस आया। बातचीत शुरू होने से पहले ही आयान ने पीछे से चापड़ से गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदर्श मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
आदर्श ने यह भी बताया कि हिरासत में ली गई युवती पहले उसकी करीबी मित्र थी, लेकिन हाल के दिनों में वह आयान के संपर्क में आ गई थी। उसने युवती के पिता को इस संबंध की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगी थीं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

