
उदित वाणी, रांची: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ बर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए गुरूवार से प्रदेश भाजपा द्वारा सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा.
पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश व महामंत्री सह संपर्क अभियान के संयोजक डा प्रदीप वर्मा ने पार्टी के एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पार्टी के एक माह तक चलनेवाले महा जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी द्वारा मिस्डकॉल के जरिये लोगों का समर्थन भी हासिल किया जायेगा.
इसके लिए एक मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 जारी किया गया. इस नंबर पर प्रदेश भाजपा के नेता व कार्यकर्ता जनसंपर्क के दौरान मिस्ड कॉल कराकर केन्द्रीय योजनाओं के लाभार्थियों, विशिष्ट परिवारों व आम जनता से समर्थन प्राप्त करेंगे.
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में जनसंपर्क अभियान को 4 क्लस्टर में बांट कर 14 लोकसभा क्षेत्र, 81 विधानसभा क्षेत्र व 29464 बूथों के लिए कार्यक्रमों की रचना की गई है. जिसके तहत 1 से 22 जून तक राज्य में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशिष्ट परिवारों व व्यक्तियों के बीच संपर्क कार्यक्रम चलाया जायेगा.
2 व 3 जून को विधानसभा स्तर पर विकास तीर्थ कार्यक्रम के तहत भाजपा सरकार द्वारा विकसित किए गए स्थलों व प्रमुख विकास कार्यों का सांसद व विधायक एवं लोकसभा स्तर पर नियुक्त टोली का भ्रमण कार्यक्रम होगा.
4 जून को विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स मीट, 5 व 6 जून को विधानसभा स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन, 7 व 8 जून को पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन व परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. जबकि 10 व 11 जून को राज्य के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा का आयोजन किया जायेगा.
12 से लेकर 15 जून तक सभी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के सभी 7 मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन कार्यक्रम होगा तथा 15 जून को सभी लोकसभा क्षेत्र में प्रेसवार्ता किया जायेगा.
16, 17 व 18 जून को लोकसभा स्तर पर व्यापारी सम्मेलन होगा तथा 19 व 20 जून को विधानसभा स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन होंगे. वहीं 20से 30 जून तक बूथ स्तर पर घर घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा मिस्ड कॉल नंबर पर समर्थन प्राप्त किया जायेगा. 21 जून को महा संपर्क अभियान मंडल स्तर पर योग दिवस के साथ किया जायेगा.
23 जून को डा श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डिजिटल रैली के माध्यम से बूथ स्तर पर कार्यकर्ता व जनता को संबोधित करेंगे.
25 जून को मन की बात का 102 वां एपिसोड सुनने के साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित होगा. 30 जून को झारखंड के अमर क्रांतिकारी सिदो कान्हो के शहादत दिवस पर भाजपा सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए किए गए कार्यों पर चर्चा की जायेगी.

