
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित गोल्फ ग्राउंड के सामने शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया .घायल युवक की पहचान ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 10 निवासी मोहम्मद अरमान (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में की गई है। शुक्रवार देर रात टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अरमान ने दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद अरमान पेशे से सेफ्टी शूज़ बेचने का काम करते थे और अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. हादसे के वक्त वह अपनी स्कूटी (वाहन संख्या जेएच 05बीसी-3083) से कहीं जा रहे थे और उसी दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे. बातचीत के दौरान उनका ध्यान भटक गया और उन्होंने वाहन से संतुलन खो दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार में होने के कारण अरमान की स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद को दौड़े और उन्हें पहले टिमकेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया .हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत टीएमएच रेफर कर दिया. रात में इलाज के दौरान अरमान ने अंतिम सांस ली.
फिलहाल उनका शव टीएमएच के शवगृह में रखा गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा. हादसे की सूचना मिलते ही अरमान के घर में मातम छा गया है. उनकी मां और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक नियमों के प्रति अधिक जागरूकता की मांग करते हुए कहा है कि मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है, जिसे रोकना बेहद जरूरी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

