
उदित वाणी,जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत इदिलबेड़ा गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती रौमनी सिंह की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को रौमनी अपने घर के आंगन में चूल्हे पर खाना बना रही थी। उस समय घर में उसकी मां ही मौजूद थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी उसकी चुन्नी पर जा गिरी, जिससे कपड़ों में अचानक आग लग गई। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसी रौमनी को एमजीएम अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि रौमनी करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। लगातार 9 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने सोमवार को दम तोड़ दिया। रौमनी चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी और पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब वृद्ध मां और बहनों का सहारा ही बचा है। पुलिस मामले की औपचारिक कार्रवाई पूरी कर चुकी है।

