
उदित वाणी,जमशेदपुर : रामनवमी के अवसर पर निकले जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर सोनारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई युवकों को हिरासत में लिया। शहर में हाल के दिनों में बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया। पकड़े गए युवकों के पास से कुल 37 चापड़ बरामद किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि धार्मिक जुलूस के दौरान इस तरह के धारदार हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ युवक खुलेआम चापड़ लहराते और करतब दिखाते नजर आए, जो कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तेज धार वाले इन हथियारों से कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है, इसलिए पुलिस ने बिना देर किए सभी को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो एयर गन और एक डमी गन भी बरामद की है। पुलिस का मानना है कि इस तरह के हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन लोगों में भय का माहौल पैदा करता है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकता है।
थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से मनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

