
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के इलाके में अवैध नशे के कारोबार ने चिंताजनक रूप ले लिया है. स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में नशा तस्करों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और खुलेआम ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है. खासकर सोनारी नर्स क्वार्टर से आदर्शनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर अर्जुन गैरेज के आसपास यह गतिविधि सबसे अधिक देखी जा रही है.
सूत्रों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में ऋषभ साहू नामक युवक की मुख्य भूमिका बताई जा रही है, जो सोनारी के शिवलाल बस्ती का निवासी है. आरोप है कि वह लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय है और स्थानीय युवाओं को भी इसकी गिरफ्त में ला रहा है. इससे पहले भी उस पर कागलनगर एफ रोड में नशे की हालत में वाहनों के शीशे तोड़ने का आरोप लग चुका है.
स्थानीय नागरिकों ने इस पूरे मामले की जानकारी सोनारी पुलिस को दी है. इतना ही नहीं, सबूत के तौर पर वीडियो फुटेज भी साझा किए गए हैं, जिनमें कथित तौर पर नशे की खरीद-बिक्री होती दिख रही है. बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
इलाके के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है.

