
उदित वाणी, जमशेदपुर : भाटिया बस्ती, आदित्यपुर स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल का 26वाँ वार्षिक उत्सव आज संध्या समय आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के सभागार में हर्ष और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह उपस्थित थे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी है। असफलता एक चुनौती है, जिसे हमें स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा कुछ लोगों को ही मिल पाती है।
श्रीराम पब्लिक स्कूल के निदेशक पंकज प्रसाद ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में 13 वर्ष पहले कदम रखा और विद्यालय का नाम अपने दिवंगत पिता डॉ श्रीराम प्रसाद के नाम पर रखा। उन्होंने बताया कि स्कूल का नया भवन वर्ष 2026 तक तैयार हो जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने 23 बच्चों को नर्सरी क्लास से कक्षा दसवीं तक उनके अकादमिक प्रदर्शन को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया। पुरस्कार पाने वाले छात्रों में कृतिका महतो, ऋषि कुमार, अनामिका झा आदि शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें नाच-गाना के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम के द्वारा बच्चों और समाज को संदेश भी दिया गया। आपरेशन सिंदूर पर भी छात्रों द्वारा शानदार स्किट परफॉर्म किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की संचालिका रिंकी प्रसाद, प्राचार्या सुषमा कुमारी और अन्य शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा। इस अवसर पर प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान के विनायक सिंह, प्रभावती स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या श्रीमती बेबी महतो और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य सुषमा कुमारी ने किया।

