
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने जुगसलाई क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं के बढ़ते खतरे और फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए महानिदेशक, होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा, राँची — एम.एस. भाटिया (IPS) को पत्र भेजा है. चैंबर ने जुगसलाई में तत्काल एक स्थायी फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना की माँग की है.
चैंबर द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि जुगसलाई क्षेत्र घनी आबादी वाला इलाका है, जहाँ संकरी गलियाँ और व्यस्त व्यापारिक गतिविधियाँ आग लगने जैसी परिस्थितियों में नियंत्रण को कठिन बना देती हैं. क्षेत्र में स्थायी दमकल केंद्र नहीं होने के कारण गोलमुरी या अन्य दूरस्थ स्थानों से फायर ब्रिगेड की टीम पहुँचने में देर होती है, जिससे भारी जन-धन हानि की संभावना बनी रहती है.
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में एक सर्वे के दौरान जुगसलाई में उपयुक्त स्थान का चयन किया गया था, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. हाल ही में दीपावली पूर्व हुई आग की घटना ने अपने आप यह स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र भारी जोखिम की स्थिति में है और तत्काल कदम आवश्यक हैं.
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जुगसलाई में फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना को अत्यावश्यकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए, ताकि भविष्य में आग की घटनाओं से संभावित बड़े नुकसान को टाला जा सके.

