
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संरक्षक और जमशेदपुर पूर्व से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने महानगर भाजपा के दो नेताओं भूपेंद्र सिंह और राकेश सिंह को अपने अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर गलत तथ्यों के आधार पर छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है. दोनों भाजपा नेताओं की पहचान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के करीबी नेताओं के रूप में है।
स्थानीय सिविल कोर्ट के अधिवक्ता सौरभ कुमार सिन्हा ने सरयू राय की ओर से भूपेंद्र सिंह और राकेश सिंह को यह कानूनी नोटिस भेजा है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि भूपेंद्र सिंह और राकेश सिंह ने सरयू राय के भतीजे और उनकी संपत्ति के बारे में बिना किसी तथ्य के सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया है और छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। भूपेंद्र सिंह और राकेश सिंह ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया है उससे सरयू राय की छवि पर प्रहार किया गया। नोटिस में दोनों नेताओं से 7 दिनों के भीतर अपने द्वारा लगाए गए आरोप को पूरे तथ्यों के साथ प्रमाणित करने को कहा गया है और ऐसा नहीं करने पर सोशल मीडिया के उक्त सभी प्लेटफार्म पर माफी मांगने के साथ इसकी एक हार्ड कॉपी अधिवक्ता को उपलब्ध करने को कहा गया है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर भूपेंद्र सिंह और राकेश सिंह की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जाता है तो सरयू राय की ओर से आगे समुचित कार्रवाई कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट खूब वायरल हो रहा जिसमें जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर में स्थित एक आलीशान मकान को विधायक सरयू राय के भतीजे का बताया जा रहा है और सवाल उठाया जा रहा है कि इस बारे में कुछ क्यों नहीं बोल रहे सरयू राय?

