
उदित वाणी, चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल स्थित बाबूडेरा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ जारी ‘ऑपरेशन’ के दौरान गुरुवार को एक बार फिर IED ब्लास्ट हुआ. इस विस्फोट की चपेट में आने से कोबरा 210 बटालियन के जवान अभिनय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पिछले दो दिनों में अब तक कुल 06 जवान घायल हो चुके हैं.
जवान को एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जवान अभिनय कुमार को तत्काल घटनास्थल से रेस्क्यू किया गया है. बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है. बुधवार को हुए धमाकों में कोबरा बटालियन के एक इंस्पेक्टर समेत 5 जवान घायल हुए थे, जिसके बाद आज फिर एक और बड़ी घटना सामने आई है.
मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ सीधी मुठभेड़
सुरक्षा बलों और भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के दस्ते के बीच बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर फायरिंग जारी है. सुरक्षा बलों ने पूरे बाबूडेरा क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है. नक्सलियों की ओर से खुद को बचाने के लिए लगातार आईईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे जवानों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं.
रणनीतिक रूप से ऊंचाई का फायदा उठा रहे नक्सली
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल की भौगोलिक स्थिति काफी जटिल है. नक्सली पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर मोर्चा संभाले हुए हैं, जिससे उन्हें ऊंचाई का रणनीतिक लाभ (Strategic Advantage) मिल रहा है. इसके विपरीत, सुरक्षा बल नीचे से घेराबंदी कर ऊपर की ओर दबाव बना रहे हैं. जवानों के बढ़ते दबाव और घेराबंदी से बौखलाए नक्सली आक्रामक तरीके से गोलीबारी और आईईडी धमाके कर रहे हैं.
सघन तलाशी अभियान जारी
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस बड़े अभियान में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस के जवान शामिल हैं. पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा है और नक्सलियों के सुरक्षित ठिकानों को ध्वस्त करने तक अभियान जारी रहेगा.

