
सरायकेला–खरसावाँ: जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 4 अप्रैल 2026 को नगर भवन, सरायकेला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई.
मालूम हो कि सरायकेला–खरसावाँ जिले की स्थापना 30 अप्रैल 2001 को पश्चिमी सिंहभूम जिले से अलग कर की गई थी. अप्रैल 2026 में जिला अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (सिल्वर जुबली) मना रहा है, जिसे लेकर इस वर्ष के कार्यक्रमों को विशेष रूप से भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है.
कार्यक्रम की रूपरेखा और गतिविधियां
बैठक में तय किया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से जिले की स्थापना से अब तक की उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी.
सम्मान समारोह का भी होगा आयोजन
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही कार्यक्रम को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
साफ-सफाई और सजावट पर विशेष जोर
जिला प्रशासन ने स्थापना दिवस को गौरव का अवसर बताते हुए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई और सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. नगर निकाय क्षेत्रों में मुख्य चौक-चौराहों की सफाई, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया.
मुख्य स्थल पर व्यवस्थाओं के निर्देश
नगर भवन, सरायकेला स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों को उनके दायित्व स्पष्ट करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. इसके अलावा सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी और विभिन्न कार्य एजेंसियों के अभियंता भी बैठक में शामिल हुए.

