
उदित वाणी, जमशेदपुर: विद्या भारती चिन्मया विद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित संस्कृत दिवस के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा भाषा विशेष में अपनी रुचि और क्षमताओं को दर्शाया.
कार्यक्रम का आरंभ सर्वप्रथम वंदना नृत्य से हुआ. इसके बाद ज्ञान दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. फिर भाषा संरक्षण ,लोकहित, देश भक्ति के भाव व वात्सल्य रस की अभिव्यक्ति आदि के उद्देश्यों को समेटे विभिन्न संस्कृत गीत की प्रस्तुति हुई.
‘स्वास्थ्यवर्धक भोजन’ के महत्व को दर्शाते एक संस्कृत लघु नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वास्थ्यकर भोजन के लाभ व अस्वास्थ्यकर भोजन की हानियों को दर्शाया. संस्कृत प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाषा विशेष संबंधी अपने ज्ञान व क्षमताओं को दर्शाया. शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
संस्कृत विभागाध्यक्षा सुचित्रा सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन हुआ. अवसर विशेष पर प्रधानाचार्या मीना विल्खू, उप प्राचार्य मानसिंह समेत अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं व विद्यार्थीगण उपस्थित थे.
प्राचार्या श्रीमती मीना विल्खू ने संस्कृत विभाग के इस महत्वपूर्ण आयोजन की सराहना करते हुए संस्कृत को संस्कृति से जोड़ते हुए इसके विकास के लिए विद्यार्थियों में भाषा संरक्षण की जागृति की प्रशंसा की.

