उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में महिलाओं के खिलाफ अपराध के बढ़ते मामलों ने कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और स्नैचिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है.
पोटका थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. मानपुर निवासी पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोप स्वीकार करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया. घायल किशोरी का इलाज कराया गया है.
उधर, बागबेड़ा के सिद्धू-कानू मैदान इलाके में एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट की घटना ने लोगों को झकझोर दिया. पुराने विवाद में कंचन कुमारी की इतनी पिटाई की गई कि उसका गर्भपात हो गया. महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी संजय चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग टेकरी में भी पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित नीरज गुप्ता की शिकायत पर रामचंद्र भगत और उसकी पत्नी तिला भगत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस जांच कर रही है.
इधर, बिरसानगर थाना क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी. जोन नंबर-3 छोटा पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने बारीडीह निवासी नवजीत सिंह के गले से सोने की चेन छीन ली. घटना के दौरान बदमाशों ने हथियार दिखाकर दहशत फैलाई. पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है. लगातार बढ़ रही घटनाओं ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है. लोग सख्त पुलिस कार्रवाई और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.


