उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में देर रात हुई हिंसक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। जोन नंबर 1बी निवासी मनीष सिंह पर दो अज्ञात बदमाशों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मनीष सिंह घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात मनीष सिंह अपने क्षेत्र में मौजूद थे, तभी दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे और अचानक धारदार हथियार से उन पर हमला बोल दिया। हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल मनीष सिंह को इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि गंभीर खतरे से बाहर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि देर रात इस तरह की घटनाएं आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं।
इधर, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी व अन्य पहलुओं पर भी काम कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।


