
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, सिदगोड़ा प्रांगण में सोमवार को भारतीय रिजर्व बैंक, पटना के तत्वावधान में E-BAAT (Electronic Banking Awareness and Training) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एवं विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, वाणिज्य संकाय की अधिष्ठाता एवं डीन डॉ. दीपा शरण, प्रॉक्टर डॉ. सुधीर कुमार साहु सहित भारतीय रिजर्व बैंक, पटना के क्षेत्रीय निदेशक श्री सुजीत कुमार अरविंद, श्री अजीत कांथ, श्रीमती रंजीता चौधरी, श्री संजीव चौधरी एवं श्री अमन चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही.

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ. शुरुआत में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला.
मुख्य वक्ता एवं क्षेत्रीय निदेशक श्री सुजीत कुमार अरविंद ने विद्यार्थियों को भारतीय रिजर्व बैंक की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया. उन्होंने बदलते समय के साथ बढ़ रहे साइबर अपराधों, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के तौर-तरीकों तथा बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी. इस दौरान विद्यार्थियों के साथ सारगर्भित प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया.
श्रीमती रंजीता चौधरी ने छात्राओं को डिजिटल बैंकिंग, ई-कॉमर्स तथा आधुनिक बैंकिंग प्रणाली में डिजिटल माध्यमों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की. वाणिज्य विभाग की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लिया और सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम के अंत में श्री संजीव चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के डॉ. ग्लोरिया पुर्त्ती, डॉ. छगन अग्रवाल, विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक एवं छात्राओं के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ.

