
उदित वाणी, रामगढ़ : रामगढ़ गोला वन क्षेत्र के चौपा दारू पेट्रोल पंप के समीप एक खेत में मंगलवार सुबह एक नर जंगली हाथी का मृत शरीर मिला. हाथी के सूंड से खून बहता देखा गया, लेकिन मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका. वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से रामगढ़ जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में विचरण कर रहा है. एक सप्ताह पूर्व इसी इलाके में हाथियों ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था और आसपास के खेतों में लगी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया था. बीते रात हुई इस घटना की जानकारी सुबह मिली.
एक ग्रामीण महिला ने बताया, “आज सुबह हम लोग अपने कुएं से पानी भरने गए थे, तब खेत में हाथी का मृत शरीर पड़ा देखा. सूंड से खून बह रहा था. हमने तुरंत वन विभाग को सूचना दे दी.” ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आतंक से वे दहशत में जी रहे हैं.
वन विभाग के अधिकारीयों ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा. फिलहाल, हाथी के शव को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है. जिले में हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

