
उदित वाणी, जमशेदपुर : रामनवमी विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) झारखंड जगुवार रांची इंद्रजीत माहथा और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों और शोभायात्रा मार्गों का विस्तृत निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न घाटों -दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क/डीवीसी और बागबेड़ा घाट के साथ-साथ शास्त्रीनगर क्षेत्र का जायजा लिया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

डीआईजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं एसएसपी ने आयोजकों के साथ बैठक कर उन्हें प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की.
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. कुल मिलाकर, इस बार रामनवमी विसर्जन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके.

