
उदित वाणी जमशेदपुर : रामनवमी के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चुस्त-दुरुस्त देखने को मिली। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखी गई। इंद्रजीत महथा, पीयूष पांडेय और कुमार शिवाशीष खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष शनिवार शाम से ही साकची, मानगो, टेल्को, कदमा और जुगसलाई जैसे संवेदनशील इलाकों का लगातार दौरा कर रहे थे। विशेष रूप से मानगो क्षेत्र में वे देर रात तक मौजूद रहे और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते रहे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जुलूस हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना चाहिए।
वहीं, एसएसपी पीयूष पांडेय कंट्रोल रूम (सीसीआर) से पूरे शहर की निगरानी कर रहे थे। सीसीटीवी कैमरों के जरिए वे हर जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे।
शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हर अखाड़ा जुलूस के साथ भी सुरक्षा बल मौजूद रहे, जिनकी जिम्मेदारी जुलूस के समाप्त होने तक शांति व्यवस्था बनाए रखना था। सुरक्षा को लेकर शहर को आठ अलग-अलग जोन में बांटा गया था। खासकर मानगो, कदमा, जुगसलाई और टेल्को क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह नियंत्रित रखा।

